#सीतापुर:पैन कार्ड व फर्जी खातों के सिंडिकेट का भंडाफोड़, दो और शातिर गिरफ्तार.

सीतापुर(संवाददाता)। जनपद में ग्रामीणों के बायोमेट्रिक व आधार डेटा का दुरुपयोग कर फर्जी बैंक खाते और सिम कार्ड सक्रिय करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के दो और वांछित सदस्यों को साइबर थाने की पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरदोई जनपद के माधोगंज थाना अंतर्गत फजलपुर निवासी विकास कुमार तथा बघौली थाना क्षेत्र के सैदापुर कलां निवासी मंजेश पाल के रूप में हुई। प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना संजय कुमार पाण्डेय की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर इन्हें कमुलिया क्रॉसिंग अहरोली संपर्क मार्ग के पास से गिरफ्तार किया।

उल्लेखनीय है कि मिश्रिख के खुर्शीदाबाद में ग्रामीणों से पैन कार्ड बनवाने के बहाने धोखाधड़ी का मामला सामने आया था, जिसमें अगस्त माह में तीन आरोपी जेल भेजे गए थे। पकड़े गए दोनों अभियुक्त उसी मुकदमे में वांछित चल रहे थे। आरोपियों के पास से बरामद मोबाइल में ऑनलाइन गेमिंग ऐप बिग विनर और फर्जी बैंक खातों का ब्योरा मिला है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ